रिपोर्ट सुरेंद्र सिंह चौहान, जी भारत न्यूज़।
बाराबंकी, 18 मई 2026। पेट्रोलियम पदार्थों की बचत एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी की ओर से रविवार को विशेष पदयात्रा का आयोजन किया गया। यह पदयात्रा जिला जज आवास (सेशन हाउस) से जनपद न्यायालय परिसर तक निकाली गई।

इस अभियान का नेतृत्व जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बाराबंकी प्रतिमा श्रीवास्तव ने किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पेट्रोलियम पदार्थों की बचत समय की आवश्यकता बन गई है। आम नागरिकों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए पैदल चलने अथवा साइकिल का उपयोग करने की आदत अपनानी चाहिए, जिससे ईंधन की बचत के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर बढ़ती ऊर्जा चुनौतियों और बिजली संकट को देखते हुए न्यायिक अधिकारियों ने पैदल न्यायालय आने का निर्णय लिया है। यह पहल न केवल पेट्रोल की बचत करेगी, बल्कि समाज को सकारात्मक संदेश भी देगी। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi की पेट्रोल बचाने की अपील का उल्लेख करते हुए कहा कि सभी लोगों को इस दिशा में सहयोग करना चाहिए।
शाम्भवी यादव ने बताया कि आगे भी इस प्रकार के जागरूकता अभियानों को जारी रखा जाएगा, ताकि आमजन में पर्यावरण संरक्षण और ऊर्जा बचत के प्रति जागरूकता बढ़ सके।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी, न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण तथा न्यायालय कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।









