झारखंड रेलवे जमीन पर दोबारा सड़क निर्माण, प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल

ब्रेकिंग न्यूज़, कोल्हान, झारखंड
रेलवे जमीन पर दोबारा सड़क निर्माण, प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल
झारखंड के कोल्हान क्षेत्र के सरायकेला-खरसावां जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। कांडरा–सरायकेला मार्ग पर कोलाविरा रेलवे अंडरपास ओवरब्रिज के समीप उस जमीन पर फिर से सड़क का निर्माण कर दिया गया है, जिसे पहले रेलवे द्वारा अतिक्रमण मानते हुए हटाया जा चुका था।
इस घटना ने जिला प्रशासन और दक्षिण पूर्व रेलवे की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, यह निर्माण कथित रूप से AMI एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड के उपयोग के लिए कराया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, इस निर्माण के पीछे सरायकेला के अंचल अधिकारी की सिफारिश की बात भी सामने आ रही है, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेलवे की जमीन का उपयोग एक निजी कंपनी के लाभ के लिए किया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि इस संबंध में न तो रेलवे की कोई स्पष्ट अनुमति सामने आई है और न ही प्रक्रिया में पारदर्शिता दिखाई दे रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब सूचना के अधिकार (RTI) के तहत दक्षिण पूर्व रेलवे से जवाब मांगा गया है। इस पूरे प्रकरण में कई अहम सवाल उठ रहे हैं:
क्या रेलवे ने इस सड़क निर्माण की अनुमति दी थी?
यदि नहीं, तो यह निर्माण किसके आदेश पर किया गया?
इस पूरे मामले में किन अधिकारियों की भूमिका है?
फिलहाल, रेलवे प्रशासन की चुप्पी इस मामले को और अधिक संदिग्ध बना रही है। अब देखना यह होगा कि क्या इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होती है या फिर यह मामला भी अन्य विवादों की तरह ठंडे बस्ते में चला जाता है।
यह सिर्फ जमीन का मामला नहीं, बल्कि सिस्टम की साख का सवाल है।
सरायकेला-खरसावां से सिंहभूम कोल्हान प्रमंडल रिपोर्टर संदीप महतो की रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़।

Leave a Comment