रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान
बाराबंकी, 24 मई 2026।
जनपद बाराबंकी में थाना असन्द्रा एवं साइबर थाना की संयुक्त पुलिस टीम ने आधार कार्ड में अवैध संशोधन कर फर्जी तरीके से बैंक लोन दिलाने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लैपटॉप, आइरिश मशीन, बायोमैट्रिक मशीन, ब्रॉडबैंड डिवाइस, मोबाइल फोन तथा आधार नामांकन संशोधन रजिस्टर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार थाना असन्द्रा क्षेत्र निवासी हिमांशु चौरसिया ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बिना उनकी अनुमति के उनके आधार कार्ड में मोबाइल नंबर बदल दिया गया और फर्जी तरीके से बैंक खाता खोलकर लोन ले लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना असन्द्रा में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक बाराबंकी के निर्देश पर थाना असन्द्रा एवं साइबर थाना की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सोमेश कुमार यादव उर्फ निरंजन सिंह निवासी ग्राम जगतपुर, थाना फतेहगंज पश्चिमी, जनपद बरेली को मोहल्ला अंसारी कस्बा फतेहगंज पश्चिमी से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2014 से बरेली में जनसेवा केंद्र संचालित कर रहा था। आरोपी ने अपने एक सहयोगी के साथ मिलकर आधार कार्ड में मोबाइल नंबर बदलकर बैंकिंग प्रक्रियाओं में धोखाधड़ी की और फर्जी दस्तावेजों के जरिए बैंक लोन हासिल कराया। पुलिस अब उसके सहयोगियों की तलाश में जुटी हुई है।
बरामद सामान में शामिल:
एक लैपटॉप
एक आइरिश मशीन
एक बायोमैट्रिक मशीन
एक ब्रॉडबैंड डिवाइस
एक मोबाइल फोन
आधार नामांकन संशोधन रजिस्टर
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक आलोक मणि त्रिपाठी, अतिरिक्त निरीक्षक सुब्बा चौहान सहित थाना असन्द्रा एवं साइबर थाना के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।










