बाराबंकी:मा0 राज्य सूचना आयुक्त ने नगर पालिका व डीपीआरओ कार्यालय का किया निरीक्षण मा0 राज्य सूचना आयुक्त ने जन सूचना शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर जताई सख्ती

मा0 राज्य सूचना आयुक्त ने नगर पालिका व डीपीआरओ कार्यालय का किया निरीक्षण

मा0 राज्य सूचना आयुक्त ने जन सूचना शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर जताई सख्ती

बाराबंकी, 09 अप्रैल 2026। मा0 राज्य सूचना आयुक्त श्री मोहम्मद नदीम ने गुरुवार को अधिकारियों के साथ बैठक व प्रेस वार्ता के उपरांत शहर स्थित नगर पालिका कार्यालय और विकास भवन में डीपीआरओ कार्यालय परिसर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जन सूचना से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता बरतने के निर्देश दिए और खामियां मिलने पर तत्काल सुधार करने को कहा। विकास भवन स्थित पंचायती राज विभाग के कार्यालय में निरीक्षण के दौरान मा0 आयुक्त ने जन शिकायतों की समीक्षा की। यहां उन्होंने नोडल अधिकारी एवं जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) श्री नीतीश भोंडले को निर्देशित किया कि जन सूचना अधिकार अधिनियम से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर मा0 आयुक्त ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिशाषी अधिकारी श्री संजय शुक्ला को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन सूचना से संबंधित मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मा0 आयुक्त श्री मोहम्मद नदीम ने निरीक्षण के दौरान अभिलेखों, रजिस्टरों व व्यवस्थाओं की भी जांच की और अधिकारियों को पारदर्शिता व जवाबदेही बनाए रखने के निर्देश दिए।उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व आयुक्त ने तहसील रामसनेहीघाट का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी श्री निरंकार सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अवधेश यादव, निजी सचिव श्री नजरुल सिद्दकी, जिला विकास अधिकारी श्री भूषण कुमार, परियोजना निदेशक श्री राकेश कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी सहित संबंधित गण उपस्थित रहें।

Leave a Comment