रिपोर्ट, मनोज प्रजापति।
गांधी-शास्त्री जयंती पर सागर कलेक्ट्रेट में गूंजा सत्य-अहिंसा का संकल्प, कलेक्टर प्रतिभा पाल ने दिलाई नैतिक मूल्यों की शपथ
सागर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सागर कलेक्ट्रेट परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों को सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों के पालन की शपथ दिलाई।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने इस अवसर पर कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाने का उद्देश्य केवल उन्हें स्मरण करना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने व्यवहार और दैनिक जीवन में उतारना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने घर के साथ-साथ कार्यालय और आसपास के परिसर को स्वच्छ रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलने का लिया संकल्प
शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सत्य के मार्ग पर चलने, ईमानदारी एवं नैतिक मूल्यों को अपने आचरण में अपनाने तथा अहिंसा के सिद्धांतों का पालन करने का संकल्प लिया।
इस दौरान सभी ने किसी भी व्यक्ति के प्रति हिंसा, द्वेष और वैमनस्य की भावना नहीं रखने तथा सभी धर्मों, वर्गों और समुदायों के प्रति सम्मान, सद्भावना एवं भाईचारा बनाए रखने की शपथ ली।
स्वच्छता और सामाजिक समरसता पर दिया जोर
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, प्रेम एवं सद्भावना के विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही परिवार, कार्यस्थल और समाज में शांति एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने में सक्रिय योगदान देने की बात कही।
कलेक्टर ने कहा कि प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझना भी आवश्यक है। महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से ईमानदारी, सादगी, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा मिलती है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, संयुक्त कलेक्टर श्री रवीश श्रीवास्तव, श्रीमती आरती यादव, सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेश द्विवेदी सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
















