बाराबंकी में दर्दनाक हादसा: दूध बेचकर लौट रहे कारोबारी पर गिरा भारी पेड़, मौके पर ही मौत

रिपोर्ट, पी.एन. सिंह।

बाराबंकी। छेदा बाजार से दूध बेचकर बाइक से घर लौट रहे 35 वर्षीय दूध कारोबारी की शनिवार को पेड़ के नीचे दबकर मौत हो गई। हादसा मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के छेदा-पारा संपर्क मार्ग पर झबरापुर गांव के पास हुआ। अचानक सड़क किनारे खड़ा भारी-भरकम पेड़ बाइक सवार के ऊपर जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

 

सीतापुर जिले के मानापुर मुर्तजा नगर निवासी संजय वर्मा (35) दूध का कारोबार करते थे। शनिवार को वह बाइक से दूध लेकर मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के छेदा बाजार पहुंचे थे। दूध बेचने के बाद वह बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान झबरापुर गांव के पास पहुंचते ही सड़क किनारे खड़ा पेड़ अचानक भरभराकर उनकी बाइक पर जा गिरा।

 

पेड़ के नीचे दबने से संजय गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पेड़ हटाकर युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी।

 

घटना की सूचना मिलते ही राजस्व विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे से संबंधित जानकारी जुटाई।

 

एसडीएम कार्तिकेय सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। नायब तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व टीम को मौके पर भेजकर जांच कराई जा रही है।

Leave a Comment