एक लड्डू, एक माला गणपति को समर्पण अभियान की संयोजिका बनीं रानी श्रीवास्तव

जमशेदपुर:हिंदूपीठ जमशेदपुर के प्रांगण में विराजमान भगवान गणपति महाराज के प्रति शहरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं में आस्था एवं श्रद्धा लगातार बढ़ रही है। प्रत्येक बुधवार को सुबह और शाम होने वाली गणपति जी की आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं तथा भगवान गणपति को लड्डू और माला अर्पित कर रहे हैं।

श्रद्धालुओं की बढ़ती आस्था और उत्साह को देखते हुए हिंदूपीठ की कार्यकारिणी ने एक विशेष पहल की शुरुआत करने का निर्णय लिया है। इसके तहत “एक लड्डू, एक माला गणपति को समर्पण अभियान” चलाया जाएगा। अभियान के माध्यम से जमशेदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले गणपति भक्तों को बारी-बारी से भगवान गणपति को लड्डू और माला अर्पित करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।

हिंदूपीठ के अध्यक्ष अरुण सिंह ने इस अभियान की जिम्मेदारी रानी श्रीवास्तव को संयोजिका के रूप में सौंपी है। वहीं नमिता उपाध्याय एवं चंदा सिंह को अभियान की सह-संयोजिका बनाया गया है। संगठन का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को इस धार्मिक अभियान से जोड़ा जाए और भगवान गणपति के प्रति लोगों की आस्था एवं भक्ति को और मजबूत किया जाए।

अभियान को लेकर हिंदूपीठ के सदस्यों और श्रद्धालुओं में उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने गणपति भक्तों से इस पहल में सहभागी बनने और श्रद्धा के साथ भगवान गणपति को लड्डू एवं माला समर्पित करने की अपील की है।

रिपोर्टर: ब्रिजराज सिंह

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment