सागर के सभी बैंकों में एक साथ घुसी पुलिस: CCTV, स्ट्रॉन्ग रूम और अलार्म सिस्टम की महाजांच!

सागर जिले के सभी बैंकों में एक साथ पुलिस की सुरक्षा जांच

सीसीटीवी, स्ट्रांग रूम, अलार्म सिस्टम और सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था परखी

सागर। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देश पर सागर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में स्थित बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था का एक साथ निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने संबंधित बैंकों में पहुंचकर सुरक्षा मानकों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

सीसीटीवी से लेकर स्ट्रांग रूम तक की जांच

निरीक्षण के दौरान बैंकों में लगे सीसीटीवी कैमरे, रिकॉर्डिंग एवं बैकअप व्यवस्था, प्रवेश और निकास द्वार, सुरक्षा गार्ड, अलार्म सिस्टम, अग्निशमन उपकरण, स्ट्रांग रूम और कैश सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं की जांच की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधन को सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने तथा सीसीटीवी कैमरों की पर्याप्त कवरेज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल सूचना देने की अपील

बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की समझाइश दी गई। इसके साथ ही पुलिस और बैंक प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए आवश्यक संपर्क नंबर भी साझा किए गए।

सागर पुलिस के अनुसार बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा और निगरानी आगे भी जारी रहेगी, ताकि बैंक परिसरों और वहां आने वाले ग्राहकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखा जा सके।

मध्यप्रदेश के सागर से ब्यूरो चीफ मनोज प्रजापति की खास रिपोर्ट जी भारत न्यूज़

Leave a Comment