रिपोर्ट,सुरेश चंद्रा।
मुख्य विकास अधिकारी ने श्रमदान कर दिया ‘स्वच्छता ही सेवा’ का संदेश, जनपदवासियों से अभियान में सहभागिता की अपील
मऊ। सेवा संकल्प अभियान के तहत जनपद में स्वच्छता को जनभागीदारी से जोड़ते हुए नगर पालिका परिषद मऊ सहित सभी नगर पंचायतों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थलों और प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
नगर पालिका परिषद मऊ की ओर से गाजीपुर तिराहे के आसपास आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान में मुख्य विकास अधिकारी श्री विवेक कुमार श्रीवास्तव ने सहभागिता करते हुए स्वयं श्रमदान किया। उनके साथ नगर पालिका के कार्मिकों ने भी साफ-सफाई अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जनपदवासियों से सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित होने वाले स्वच्छता कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से सहभागिता करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छ मऊ, स्वच्छ भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए जनपद को कचरामुक्त और प्लास्टिकमुक्त बनाने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। लोगों से अपने आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई रखने, प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने तथा गीले और सूखे कचरे का उचित निस्तारण करने की अपील की गई।
स्वच्छता को दैनिक आदत बनाने पर जोर
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि एक माह तक चलने वाले इस अभियान को जनसहभागिता के माध्यम से व्यापक रूप दिया जाए, ताकि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित न रहे, बल्कि जनपदवासियों की दैनिक आदत और जिम्मेदारी बने।
स्वच्छता अभियान में मुख्य विकास अधिकारी श्री विवेक कुमार श्रीवास्तव के साथ अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद मऊ मणि भूषण तिवारी, नगर पालिका के कर्मचारी एवं अन्य संबंधित कार्मिकों ने श्रमदान किया। अभियान के माध्यम से ‘स्वच्छता ही सेवा’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
















