बाराबंकी: विश्वकर्मा जयंती पर कलेक्ट्रेट में आयोजित हुआ जनपद स्तरीय कार्यक्रम दर्जी ट्रेड के प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र व टूलकिट, पांच लाभार्थियों को 35 लाख रुपये का ऋण वितरित

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी, 17 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान एवं विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती राजरानी रावत तथा विशिष्ट अतिथि सदस्य विधान परिषद श्री अंगद कुमार सिंह रहे।

कार्यक्रम के दौरान विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत दर्जी ट्रेड के प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र एवं टूलकिट वितरित किए गए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री युवा योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना तथा एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) योजना के पांच लाभार्थियों को कुल 35 लाख रुपये का ऋण वितरित किया गया।

कार्यक्रम में उपायुक्त दिनेश कुमार चौरसिया ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने योजना के माध्यम से परंपरागत कारीगरों को प्रशिक्षण, टूलकिट तथा स्वरोजगार स्थापित करने के लिए उपलब्ध कराए जा रहे सहयोग के बारे में बताया।

मुख्य अतिथि श्रीमती राजरानी रावत ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर उन्हें दीर्घायु होने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना को परंपरागत कारीगरों के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण एवं टूलकिट के साथ ब्याज मुक्त और गारंटी मुक्त ऋण की सुविधा मिलने से प्रशिक्षार्थियों को अपना स्वरोजगार स्थापित करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने लखनऊ में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा तथा मुख्यमंत्री का संबोधन भी सुना। प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में बाराबंकी जनपद के तीन लाभार्थियों को मुख्यमंत्री द्वारा टूलकिट वितरित की गई। वहीं, जनपद बाराबंकी से 100 लाभार्थियों ने प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष राम सिंह भुल्लन वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, परियोजना निदेशक राकेश प्रताप सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं लाभार्थी उपस्थित रहे।

 

Leave a Comment