सागर में दो आदतन अपराधियों पर जिला बदर की कार्रवाई, 6-6 माह के लिए जिले से निष्कासन

रिपोर्ट, मनोज प्रजापति

जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर प्रतिभा पाल ने जारी किया आदेश, आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से कार्रवाई

सागर। जिले में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने दो आदतन अपराधियों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की है। जिला दंडाधिकारी एवं कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने दोनों आरोपियों को 6-6 माह की अवधि के लिए सागर जिले सहित सीमावर्ती जिलों की राजस्व सीमाओं से निष्कासित करने के आदेश जारी किए हैं। आदेश तत्काल प्रभावशील हो गया है।

पुलिस अधीक्षक के प्रतिवेदन के आधार पर कार्रवाई

कलेक्टर ने पुलिस अधीक्षक से प्राप्त प्रतिवेदन के आधार पर विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त बताए गए शुभम पिता रामकृपाल सोनी, उम्र 26 वर्ष, निवासी मोहन नगर वार्ड, थाना मोतीनगर, सागर को छह माह के लिए जिला बदर किया है।

इसी प्रकार सौरभ पिता सरमन अहिरवार, उम्र 25 वर्ष, निवासी किशोर न्यायालय बस्ती, बाघराज वार्ड, थाना सिविल लाइन, सागर के खिलाफ भी छह माह के लिए सागर जिले एवं सीमावर्ती जिलों की राजस्व सीमाओं से निष्कासन का आदेश जारी किया गया है।

न्यायालय में पेशी के लिए विशेष व्यवस्था

जिला दंडाधिकारी के आदेश के अनुसार यदि दोनों के विरुद्ध किसी न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन है, तो वे निर्धारित पेशी की तारीख पर न्यायालय में उपस्थित हो सकेंगे। हालांकि, इसके लिए उन्हें पहले संबंधित थाना प्रभारी को लिखित सूचना देना अनिवार्य होगा।

न्यायालय में पेशी समाप्त होने के तत्काल बाद उन्हें जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी जिला बदर आदेश का पालन सुनिश्चित करना होगा।

प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखना और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना बताया गया है।

 

Leave a Comment