रिपोर्ट, मनोज प्रजापति

एनएचएआई की भूमि से हटा पाथवे रिसॉर्ट व सत्यम ढाबे का अतिक्रमण; मुनमुन ढाबा भी सील
जिले में मिलावटखोरी, अवैध कब्जों, भू-माफियाओं और अवैध शराब के विरुद्ध कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के सख्त रुख के बाद लगातार तीसरे दिन प्रशासनिक कार्रवाई जारी है। गत दिवस 5 प्रमुख होटल और रिसॉर् और ढाबे को सील करने के बाद, आज 12 सितंबर 2026 को जिला प्रशासन, पुलिस बल और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की संयुक्त टीम ने एनएचएआई की कीमती भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया।
एनएचएआई की भूमि पर चला बुलडोजर
होटल पाथवे रिसॉर्ट (ग्राम रूसल्ला)
पटवारी हल्का नंबर 78, खसरा नंबर 315/2 एवं 316/2 में एनएचएआई की शासकीय भूमि पर पाथवे रिसॉर्ट प्रबंधन द्वारा अवैध रूप से बाउंड्रीवॉल, भव्य गेट एवं अन्य पक्के निर्माण कर कब्जा किया गया था। एनएचएआई द्वारा पूर्व में नोटिस दिए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में इसे ध्वस्त कर दिया और भूमि एनएचएआई को सुपुर्द कर दी।
सत्यम ढाबा (मौजा बामोरा)
खसरा नंबर 89/3 में राष्ट्रीय राजमार्ग की भूमि पर सत्यम ढाबे द्वारा अवैध रूप से बनाई गई 4500 वर्गफीट सीसी पार्किंग ढाबे के सामने किए गए अतिक्रमण और 595 वर्गफीट शेड को ध्वस्त किया गया। साथ ही मौके पर संचालित ईवी चार्जिंग स्टेशन को सील बंद कर दिया गया।
मुनमुन ढाबा भी सील
कार्रवाई के दौरान राजस्व व प्रशासनिक दल द्वारा किए गए दस्तावेज परीक्षण पर मुनमुन ढाबा को भी तत्काल प्रभाव से सील किया गया है, आगे की कार्रवाई परीक्षण उपरांत की जाएगी।
प्रशासन द्वारा लगातार दो दिनों से सागर, मकरोनिया, बहेरिया व रूसल्ला हाईवे क्षेत्र में माफियाओं और नियमों की अनदेखी करने वालों पर शिकंजा कसा जा रहा है।
कलेक्टर के निर्देश पर गत दिवस एसडीएम, तहसीलदार, सीएसपी मकरोनिया, थाना प्रभारी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारियों (शीतल सिंह व संदीप वर्मा) की टीम ने दबिश दी थी।
प्रशासनिक अधिकारियों ने साफ किया है कि एनएचएआई की भूमि पर अवैध कब्जे, खाद्य सुरक्षा में लापरवाही और सुरक्षा अनुमतियों के बिना व्यावसायिक संचालन करने वाले किसी भी संस्थान को नियमों की अनदेखी नहीं करने दी जाएगी। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट और राजस्व प्रतिवेदन के आधार पर दोषियों पर कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
















