रिपोर्ट पीएन सिंह।

उमरी भिरिया में राधा-कृष्ण प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर निकली भव्य शोभायात्रा
गाजे-बाजे और भक्ति गीतों के बीच उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, पुलिस ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था
बाराबंकी। थाना मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के ग्राम उमरी भिरिया में राधा-कृष्ण मंदिर में मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रम एवं भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर पूजा-अर्चना की और भगवान राधा-कृष्ण के जयकारे लगाए।
धार्मिक कार्यक्रम के तहत आयोजित शोभायात्रा ग्राम भिरिया निवासी इंद्र कुमार यादव के मकान से प्रारंभ हुई। यात्रा ग्राम चिरैया, सौरंगा, लक्ष्मीपुर, डॉ. विश्वनाथ चौराहा, स्टेट किला, बेलहरा पुलिस चौकी होते हुए बाबा साहब मंदिर चौराहा स्थित राधा-कृष्ण मंदिर पहुंची। यहां विधि-विधान के साथ पूजन-अर्चन किया गया।
इसके बाद शोभायात्रा निर्धारित मार्ग से वापस प्राण प्रतिष्ठा स्थल की ओर रवाना हुई। डीजे की धुन और भक्ति गीतों के बीच श्रद्धालु उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। इस दौरान लोगों ने अबीर-गुलाल उड़ाकर धार्मिक उत्सव की खुशियां मनाईं। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की मौजूदगी से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने सहभागिता की। वहीं, धार्मिक अनुष्ठान के अवसर पर आयोजित कलश यात्रा में भी श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भक्ति गीतों और जयकारों के बीच निकली यात्रा से क्षेत्र का माहौल पूरी तरह भक्तिमय नजर आया।
कार्यक्रम के आयोजक इंद्र कुमार यादव एवं राम औतार यादव ने आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों का आभार व्यक्त किया।
शोभायात्रा के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बेलहरा चौकी प्रभारी अरविंद पटेल तथा छेदा चौकी प्रभारी राकेश मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस ने पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाए रखी, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

















