रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी में दुष्कर्म पीड़िता के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उन पर लगातार सुलह-समझौते का दबाव बनाया जा रहा था। आरोप है कि विरोध करने पर पीड़िता के पिता और भाई के साथ रास्ते में घेरकर मारपीट की गई।
बताया गया कि तहसील से लौटते समय रास्ते में दोनों को घेर लिया गया और उनके साथ मारपीट की गई, जिसमें दोनों घायल हो गए। पिता की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि एंबुलेंस के माध्यम से उन्हें सीएचसी टिकैतनगर पहुंचाया गया।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि मारपीट के बाद उनकी मोटरसाइकिल और जरूरी कागजात भी छीन लिए गए। परिवार का कहना है कि जब वे शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो कार्रवाई करने के बजाय उल्टा उन्हीं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार, दुष्कर्म का मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है और आरोपी जेल में बंद है। इसके बावजूद परिवार पर सुलह-समझौते के लिए लगातार दबाव और धमकी दिए जाने का आरोप लगाया गया है, जिससे परिवार में दहशत का माहौल बना हुआ है।
वहीं पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद शांति भंग की कार्रवाई की गई थी। मारपीट और अन्य आरोपों की जांच जारी है तथा मेडिकल रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

















