बाराबंकी : राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु अवध लॉ कॉलेज के विधि छात्रों द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत

रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की मंशानुरूप आज दिनांक 07.09.2026 को दिनांक 12.09.2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं आमजन को लोक अदालत के माध्यम से विवादों के सरल, सुलभ एवं त्वरित निस्तारण के प्रति जागरूक किए जाने के उद्देश्य से अवध लॉ कॉलेज में स्थापित लीगल एड क्लीनिक के विधि छात्रों द्वारा जनपद न्यायालय परिसर, बाराबंकी में नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
उक्त कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती प्रतिमा श्रीवास्तव, माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी की अध्यक्षता में किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से विधि छात्रों द्वारा आमजन को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, इसकी प्रक्रिया तथा लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर विवादों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित न्यायिक अधिकारियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा विधि छात्रों के प्रयास की सराहना की गई तथा आमजन से अपील की गई कि वे दिनांक 12.09.2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अपने लंबित एवं प्री-लिटिगेशन विवादों का अधिक से अधिक संख्या में सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराकर इस अवसर का लाभ उठाएं। इस अवसर पर श्रीमती वंदना, प्रधान न्यायाधीश, पारिवारिक न्यायालय, बाराबंकी; श्रीमती अल्पना सक्सेना, पीठासीन अधिकारी, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण, बाराबंकी; श्री विनय कुमार सिंह, ए0डी0जे0; श्री श्रीकृष्ण चन्द्र सिंह, नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय लोक अदालत; श्री उज्ज्वल उपाध्याय, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाराबंकी सहित अन्य न्यायिक अधिकारीगण व कर्मचारीगण तथा श्री सूर्यभान सिंह, प्रधानाचार्य, अवध लॉ कॉलेज तथा श्री लवकुश, प्रभारी, लीगल एड क्लीनिक, अवध लॉ कॉलेज सहित विधि छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment