रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

मातृशक्ति का सम्मान, सशक्तिकरण का संकल्प : ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ का शुभारंभ
60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा
रक्षाबंधन पर 27 अगस्त प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त मध्यरात्रि तक माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा

बाराबंकी, 26 अगस्त 2026। माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा लखनऊ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ के शुभारंभ एवं विशेष बसों के फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आज कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार, बाराबंकी में देखा एवं सुना गया। कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय राज्यमंत्री श्री सतीश चंद्र शर्मा जी द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में माताओं, बहनों एवं बेटियों ने माननीय मुख्यमंत्री जी के ओजस्वी एवं प्रेरणादायी उद्बोधन को सुना।
माननीय राज्यमंत्री श्री सतीश चंद्र शर्मा जी ने कहा कि प्रदेश की माताओं, बहनों एवं बेटियों के सम्मान, सुविधा एवं सशक्तिकरण को समर्पित ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ एक महत्वपूर्ण पहल है। योजना के अंतर्गत 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को परिवहन निगम की बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर 27 अगस्त 2026 को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त 2026 की मध्यरात्रि 12 बजे तक माताओं, बहनों एवं बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी।

उन्होंने कहा कि यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विशेष रूप से 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें आवागमन में आर्थिक बाधाओं से राहत मिलेगी और वे प्रदेश के विभिन्न तीर्थ एवं पर्यटन स्थलों की यात्रा आसानी से कर सकेंगी। उन्होंने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान माननीय राज्यमंत्री श्री सतीश चंद्र शर्मा जी द्वारा माताओं, बहनों एवं बेटियों को वस्त्र एवं मिष्ठान प्रदान कर सम्मानित किया गया।इस दौरान उपस्थित मातृशक्ति ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए माननीय मुख्यमंत्री जी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती राजरानी रावत जी, विधायक हैदरगढ़ श्री दिनेश रावत ,भाजपा जिला अध्यक्ष श्री राम सिंह वर्मा मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन, एआरटीओ, एआरएम, डीसी एवं परिवहन विभाग के अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में माताएं, बहनें एवं बेटियां उपस्थित रहीं।















