रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

आप सभी मन लगाकर पढ़ाई करें, बाकी जरूरतों की चिंता मुझ पर छोड़ दें” : डीएम
बालिकाओं की आवश्यकताओं पर तत्काल संज्ञान, पूर्व निरीक्षण के क्रम में इंटरलॉकिंग कार्य की स्वीकृति
बाराबंकी, 26 अगस्त 2026। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय करपिया, मसौली की बालिकाओं ने जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें अपने हाथों से बनाई राखी बांधी। जिलाधिकारी ने बालिकाओं के स्नेह को सहर्ष स्वीकार करते हुए उन्हें उपहार भेंट किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने बालिकाओं से सहज संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई-लिखाई, विद्यालय की व्यवस्थाओं, खान-पान एवं रहने-सहने की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बालिकाओं से कहा कि वे मन लगाकर पढ़ाई करें और विद्यालय में किसी भी प्रकार की आवश्यकता या समस्या होने पर बिना संकोच अपनी बात रखें।जिलाधिकारी ने कहा, “आप सभी मन लगाकर पढ़ाई करें, बाकी जरूरतों की चिंता मुझ पर छोड़ दें।”
संवाद के दौरान बालिकाओं ने विद्यालय की आवश्यकताओं से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया। उन्होंने उच्चीकृत एकेडमिक भवन से हॉस्टल तक आने-जाने वाले मार्ग पर इंटरलॉकिंग कार्य कराने तथा खेल मैदान में मिट्टी पटाई कराकर उसे खेल गतिविधियों के लिए बेहतर बनाने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने बालिकाओं की आवश्यकताओं को गंभीरता से लेते हुए अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। खेल मैदान में मिट्टी पटाई के संबंध में उन्होंने बरसात समाप्त होने के बाद आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
पूर्व निरीक्षण के क्रम में इंटरलॉकिंग कार्य की स्वीकृति

जिलाधिकारी ने बताया कि गत 13 अगस्त को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मुजीबपुर, देवा के निरीक्षण के दौरान छात्राओं द्वारा परिसर के अंदर के रास्ते पर इंटरलॉकिंग की आवश्यकता बताई गई थी। छात्राओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इंटरलॉकिंग कार्य की स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। साथ ही विद्यालय की अन्य मूलभूत आवश्यकताओं के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली बालिकाएं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित
रक्षाबंधन के अवसर पर बालिकाओं से संवाद के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा 10 की बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली बालिकाओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने बालिकाओं को उनकी सफलता पर बधाई देते हुए आगे भी पूरी लगन एवं मेहनत के साथ पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री नवीन कुमार पाठक, जिला समन्वयक बालिका शिक्षा श्री पुनीत मणि त्रिपाठी, वार्डेन श्रीमती विभा मिश्रा, शिक्षिका श्रीमती आरती मिश्रा सहित केजीबीवी मसौली की बालिकाएं उपस्थित रहीं।















