रिपोर्ट, मनोज प्रजापति।

सागर। खाद्य सुरक्षा आयुक्त, मध्यप्रदेश एवं सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार जिले में खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण का सघन अभियान जारी है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न मिठाई दुकानों एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए। वहीं खाद्य सुरक्षा संबंधी अनियमितताएं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को नियमानुसार नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
उपभोक्ता की शिकायत के आधार पर न्यू बृजवासी स्वीट्स, सिविल लाइन सागर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान काला जामुन, मिल्क केक, बेसन बर्फी और मावा बर्फी के नमूने जांच के लिए लिए गए। खाद्य सुरक्षा अनुपालन में अनियमितता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 32 के तहत नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।

इसी प्रकार नंद रानी स्वीट्स, मकरोनिया के निर्माण स्थल का भी सघन निरीक्षण किया गया। यहां निर्माण में उपयोग किए जा रहे घी, बेसन के लड्डू एवं मावा बर्फी के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए। विभाग ने प्रतिष्ठान संचालक को खाद्य पदार्थों एवं मिठाई निर्माण में उपयोग होने वाले सभी कच्चे माल के पक्के बिल प्राप्त करने के निर्देश भी दिए।

वहीं मेडिकल कॉलेज सागर के पास स्थित श्री बालाजी कृपा रेस्टोरेंट का शिकायत के आधार पर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मंचूरियन का नमूना जांच के लिए लिया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों तथा अनुसूची-4 में निर्धारित सुरक्षा संबंधी आवश्यकताओं का पालन नहीं किए जाने पर धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी लिए गए नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच परिणाम प्राप्त होने के बाद रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
मध्यप्रदेश के सागर से ब्यूरो चीफ मनोज प्रजापति की खास रिपोर्ट — जी भारत न्यूज़।















