जमशेदपुर। सावन के पावन अवसर पर रविवार को सोनारी के सिनेमा मैदान, गुदरी बाजार स्थित भंगड़ नाथ सेवा समिति की ओर से भगवान शिव का विधिवत रुद्राभिषेक किया गया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया गया। यह आयोजन देवघर यात्रा पर जाने वाले कांवरिया बंधुओं की मंगलमय यात्रा और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गंगा महासभा बिहार-झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष धर्म चंद्र पोद्दार ने 100 से अधिक कांवरिया बंधुओं को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी कांवरियों को देवघर यात्रा के लिए शुभकामनाएं देते हुए बाबा बैद्यनाथ से उनकी यात्रा सफल एवं मंगलमय होने की कामना की।
रुद्राभिषेक एवं सम्मान समारोह के बाद भंगड़ नाथ मंदिर से भूतनाथ मंदिर, सोनारी तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, बैंड-बाजे और धार्मिक गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा सोनारी क्षेत्र गूंज उठा।
शोभायात्रा में कांवरिया बंधुओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालु भी शामिल हुए। रास्तेभर लोगों में भगवान शिव के प्रति आस्था और उत्साह देखने को मिला। आयोजन को सफल बनाने में समिति के सदस्यों एवं स्थानीय भक्तों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शोभायात्रा के आयोजन अध्यक्ष अधिवक्ता अजीत कुमार जायसवाल रहे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की आराधना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की।














