रिपोर्ट: शाहरुख चौधरी।

संभल। जनपद संभल के थाना असमोली क्षेत्र अंतर्गत चौकी मंसूरपुर माफी इलाके में 5 वर्षीय मासूम मोहम्मद ओवैस के लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल है। पीड़ित पिता ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर बेटे की शीघ्र सकुशल बरामदगी की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव ओवरी निवासी सलमान पुत्र फरजंद का 5 वर्षीय पुत्र मोहम्मद ओवैस 5 अगस्त की शाम लगभग 4 बजे घर से निकलकर चेहल्लुम मेले की ओर गया था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और आसपास के क्षेत्रों, रिश्तेदारों तथा अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
मासूम के अचानक लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है। पीड़ित पिता ने चौकी प्रभारी मंसूरपुर माफी को प्रार्थना पत्र देकर बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।
पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही बच्चे की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आमजन से भी सहयोग की अपील की है।
यदि किसी व्यक्ति को मासूम मोहम्मद ओवैस के संबंध में कोई भी जानकारी मिले, तो तत्काल थाना असमोली पुलिस, चौकी मंसूरपुर माफी अथवा बच्चे के पिता सलमान से मोबाइल नंबर 9917996070 पर संपर्क करें, ताकि बच्चे को शीघ्र सकुशल उसके परिजनों तक पहुंचाया जा सके।















