DC मनीष कुमार के नाम पर फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाकर ठगी की आशंका, प्रशासन ने लोगों को किया अलर्ट

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री मनीष कुमार के नाम और आधिकारिक फोटो का दुरुपयोग कर फेसबुक पर बनाई गई फर्जी प्रोफाइल को लेकर आम नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है।

प्रशासन के अनुसार, कुछ असामाजिक तत्वों ने उपायुक्त के आधिकारिक फोटो का इस्तेमाल कर फेक फेसबुक प्रोफाइल तैयार की है। आशंका जताई गई है कि इस फर्जी प्रोफाइल के माध्यम से लोगों को गुमराह करने, ठगी करने या अन्य अवांछित गतिविधियों को अंजाम देने का प्रयास किया जा सकता है।

जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल के माध्यम से संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि ऐसे किसी भी फर्जी फेसबुक प्रोफाइल, मैसेज या फ्रेंड रिक्वेस्ट पर भरोसा न करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि किसी फर्जी प्रोफाइल के जरिए सहायता, पैसे की मांग या निजी जानकारी मांगी जाती है, तो किसी भी परिस्थिति में अपनी व्यक्तिगत या बैंक संबंधी जानकारी साझा न करें।

जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या साइबर ठगी की जानकारी तत्काल नजदीकी थाना या साइबर क्राइम सेल को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment