कस्तूरबा विद्यालय में साइबर सुरक्षा कार्यशाला, छात्राओं को ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए गए उपाय

सरायकेला-खरसावां: जिला समाज कल्याण विभाग की पहल पर कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, आदित्यपुर में बुधवार को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर ने की। इस दौरान छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार तथा महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित पुलिस उपाधीक्षक दुसरु बनसिंह ने छात्राओं को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, फिशिंग लिंक, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, ओटीपी और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति से साझा नहीं करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि या साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत संबंधित प्राधिकरण एवं साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।

इसी अवसर पर ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के तहत निबंध लेखन, स्लोगन लेखन और चित्रांकन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने तथा बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव और महिलाओं के विरुद्ध हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूर्णिमा नायक ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, महिला अधिकारों, वन स्टॉप सेंटर द्वारा उपलब्ध सहायता सेवाओं तथा विभिन्न हेल्पलाइन की जानकारी देते हुए संकट की स्थिति में सरकारी सहायता तंत्र का लाभ उठाने की अपील की।

कार्यक्रम में विद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राओं ने भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं को डिजिटल रूप से जागरूक, आत्मविश्वासी और सुरक्षित बनाना था।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment