बागबेड़ा के बरौदा घाट पर खरकाई नदी में मगरमच्छ दिखने की सूचना, क्षेत्र में दहशत

जमशेदपुर:बागबेड़ा थाना क्षेत्र के बरौदा घाट स्थित खरकाई नदी तट पर रविवार को मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नदी किनारे बने नए वाटर पाइप पुल के पास सबसे पहले एक मछुआरे ने नदी में मगरमच्छ जैसा जीव देखा। इसके बाद उसने आसपास मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी।

 

सूचना मिलते ही नदी किनारे मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद एक महिला ने दावा किया कि उसने भी नदी में मगरमच्छ को देखा और अपने मोबाइल फोन से उसकी तस्वीर भी ली। घटना की जानकारी फैलते ही लोग तत्काल नदी किनारे से हट गए, जबकि मछुआरे भी सुरक्षा के मद्देनज़र नदी से बाहर निकल आए।

 

स्थानीय लोगों का कहना है कि बरौदा घाट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग स्नान करने, कपड़े धोने, मछली पकड़ने तथा अन्य कार्यों के लिए आते हैं। ऐसे में यदि नदी में मगरमच्छ की मौजूदगी की पुष्टि होती है तो यह लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकता है।

 

प्रत्यक्षदर्शी महिला ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक नदी के किनारे जाने और नदी में उतरने से बचें तथा पूरी सतर्कता बरतें।

 

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से मामले की तत्काल जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि मगरमच्छ की मौजूदगी की पुष्टि होती है, तो उसे सुरक्षित तरीके से पकड़कर किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।

 

हालांकि, समाचार लिखे जाने तक वन विभाग या जिला प्रशासन की ओर से मगरमच्छ दिखने की घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सतर्क रहें और सुरक्षा के मद्देनज़र फिलहाल नदी के किनारे अनावश्यक रूप से जाने से बचें।

रिपोर्ट : बृजराज सिंह

 

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment