जमशेदपुर में राशन व्यवस्था सुधारने को प्रशासन सख्त, 5 दिन में शत-प्रतिशत वितरण का अल्टीमेटम

जमशेदपुर: जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त राजीव रंजन ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक कर जिले की खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की गहन समीक्षा की। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA), झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना, डाकिया योजना, मुख्यमंत्री चना-दाल योजना, नमक वितरण योजना और लंबित राशन कार्ड आवेदनों की स्थिति पर चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान बोड़ाम, पटमदा और डुमरिया प्रखंडों में राशन वितरण की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई और अगले पांच दिनों के भीतर सभी पात्र लाभुकों तक शत-प्रतिशत राशन वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी जरूरतमंद परिवार को समय पर राशन मिलने में परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उपायुक्त ने अयोग्य राशन कार्डधारियों के नाम हटाने, पात्र लाभुकों को चावल के साथ नमक, चना-दाल, धोती-साड़ी सहित सभी निर्धारित सामग्री उपलब्ध कराने और लंबित बैकलॉग को जल्द समाप्त करने का निर्देश दिया। साथ ही PGMS और ERCMS पोर्टल पर लंबित शिकायतों का इसी सप्ताह निपटारा करने को कहा।

बैठक में सभी पीडीएस दुकानों के नियमित एवं औचक निरीक्षण, अनियमितता मिलने पर तत्काल कार्रवाई, हर माह गोदामों का भौतिक सत्यापन, समय पर खाद्यान्न उठाव एवं वितरण तथा परिवहन व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। भवन निर्माण विभाग को भी माह के अंत तक गोदाम मरम्मत कार्य पूरा करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी, भवन निर्माण विभाग के अभियंता, विपणन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment