बाराबंकी में दुर्गा वाहिनी का शौर्य संचालन, बहनों ने दंड और नियुद्ध का किया प्रदर्शन

रिपोर्ट, पी.एन. सिंह जी भारत न्यूज़, बाराबंकी।

बाराबंकी। विश्व हिंदू परिषद की दुर्गा वाहिनी एवं मातृशक्ति की ओर से रविवार को जिला कोऑपरेटिव बैंक के सभागार में दुर्गा अष्टमी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धार्मिक आस्था, नारी सशक्तिकरण और सामाजिक जागरूकता पर जोर दिया गया। इसके बाद दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ताओं ने जिला कोऑपरेटिव बैंक से पटेल तिराहे तक शौर्य संचालन निकाला। इसमें सैकड़ों बहनों ने भाग लिया।

दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम का शुभारंभ शिवा योगा पीठम आश्रम की साध्वी श्रद्धा चैतन्य, रॉयल ब्लू पब्लिक स्कूल की प्रबंधक मनी ठाकुर, दुर्गा वाहिनी की प्रांत संयोजिका डॉ. मुद्रा सिंह, प्रांत बाल संस्कार प्रमुख नेहा मिश्रा, विश्व हिंदू परिषद के उपाध्यक्ष कमलेश शुक्ला और जिला संयोजिका लीना श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित करके किया।

सामाजिक समरसता और नशामुक्ति का संदेश

साध्वी श्रद्धा चैतन्य ने कहा कि आदिशक्ति मां भगवती की उपासना सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मां की आराधना से प्रेरणा लेकर समाज में सामाजिक समरसता और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना चाहिए।

मुख्य अतिथि मनी ठाकुर ने युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नशा देश की युवा पीढ़ी के लिए बड़ा खतरा है। इससे बचाव के लिए सभी को नशामुक्ति का संकल्प लेना चाहिए।

मुख्य वक्ता डॉ. मुद्रा सिंह ने दुर्गा वाहिनी की स्थापना और उसके उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि विश्व हिंदू परिषद में वर्ष 1991 में दुर्गा अष्टमी के दिन दुर्गा वाहिनी की स्थापना हुई थी। उन्होंने कहा कि आदिशक्ति की आराधना के माध्यम से नारी शक्ति के जागरण और सशक्तिकरण का संदेश दिया जाता है।

शौर्य संचालन में दिखा उत्साह, दंड और नियुद्ध का प्रदर्शन

कार्यक्रम के बाद दुर्गा वाहिनी की कार्यकर्ताओं ने जिला कोऑपरेटिव बैंक से पटेल तिराहे तक शौर्य संचालन निकाला। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ताओं का स्वागत किया गया। इस दौरान कई स्थानों पर दुर्गा वाहिनी की बहनों ने दंड और नियुद्ध का प्रदर्शन कर अपनी कला एवं प्रशिक्षण का परिचय दिया।

शौर्य संचालन में सैकड़ों कार्यकर्ताओं की सहभागिता रही। आयोजन के दौरान संगठनात्मक एकजुटता और नारी सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के विभाग संगठन मंत्री अखिल, जिला अध्यक्ष रामनाथ मौर्य, जिला मंत्री राहुल कुमार, बजरंग दल जिला संयोजक राहुल विक्रम सिंह, जिला सह-संयोजक तुषार तिवारी, नगर अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद जायसवाल, नगर मंत्री सौरभ गुप्ता सहित धीरज, सरिता, संगीता, रोशनी, रश्मि और दुर्गा वाहिनी की सैकड़ों बहनें उपस्थित रहीं।

 

Leave a Comment