सागर में प्रशासन का बड़ा एक्शन: 5 होटल, रिसॉर्ट और ढाबे सील

रिपोर्ट, मनोज प्रजापति

कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर राजस्व, पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई

सागर। जिले में मिलावटखोरी, बिना अनुमति व्यावसायिक गतिविधियों और नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर 11 सितंबर 2026 को राजस्व, पुलिस एवं खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने ग्राम रूसल्ला और बहेरिया क्षेत्र में संचालित होटल, रिसॉर्ट और ढाबों पर औचक छापेमारी की।

जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में अस्वच्छ किचन, आवश्यक वैधानिक दस्तावेजों का अभाव, खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी तथा राजस्व एवं भवन संबंधी अनुमतियों में खामियां सामने आईं। गंभीर अनियमितताओं के चलते प्रशासन ने 5 व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को नियमानुसार अस्थाई रूप से सील कर दिया।

इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई

पाथवे रिट्रीट रिजॉर्ट, ग्राम रूसल्ला:
निरीक्षण के दौरान किचन अत्यधिक अस्वच्छ पाया गया। आवश्यक वैधानिक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह ने पनीर, चटनी, दाल और मूंगफली के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।

होटल जलसा एंड रेस्टोरेंट, बहेरिया:
प्रतिष्ठान में वैध खाद्य रजिस्ट्रेशन उपलब्ध नहीं मिला। किचन में भारी गंदगी पाई गई और आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी संदीप वर्मा ने अजवाइन, बटर और चिकन के नमूने सील कर जांच के लिए भेजे।

सत्यम ढाबा रेस्टोरेंट एंड रेसीडेंसी, ग्राम बामोरा:
रेस्टोरेंट संचालन एवं सुरक्षा मानकों से संबंधित आवश्यक दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह ने पनीर और तुअर दाल के नमूने लिए।

सुरुचि होटल, ग्राम रूसल्ला और हाईवे हब, ग्राम बहेरिया में भी सुरक्षा मानकों तथा राजस्व नियमों से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

फायर NOC से लेकर डायवर्जन तक दस्तावेज मिले नदारद

संयुक्त टीम के निरीक्षण में प्रतिष्ठानों द्वारा कई महत्वपूर्ण अनुमतियां एवं दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए गए। इनमें प्रमुख रूप से—

– फायर NOC का अभाव
– स्वीकृत भवन निर्माण अनुज्ञा उपलब्ध नहीं होना
– ग्राम पंचायत/स्थानीय निकाय की आवश्यक अनुमति का अभाव
– भूमि के व्यावसायिक उपयोग से संबंधित डायवर्जन आदेश प्रस्तुत न करना
– नगर तथा ग्राम निवेश विभाग से स्वीकृत T&CP ले-आउट उपलब्ध नहीं होना

जैसी खामियां सामने आईं।

स्वास्थ्य और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर सीलिंग

किचन में अत्यधिक गंदगी, उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य पर संभावित प्रतिकूल प्रभाव तथा सुरक्षा एवं राजस्व नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने पाथवे रिट्रीट रिजॉर्ट, सुरुचि होटल, हाईवे हब, होटल जलसा और सत्यम ढाबा को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा अधिनियम और राजस्व संबंधी प्रावधानों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

संयुक्त टीम रही मौके पर मौजूद

कार्रवाई के दौरान अनुविभागीय अधिकारी सागर (राजस्व) रोहित वर्मा, तहसीलदार सागर संदीप तिवारी, नायब तहसीलदार नरयावली, नायब तहसीलदार रतोना, नगर पुलिस अधीक्षक मकरोनिया, थाना प्रभारी मकरोनिया, खाद्य सुरक्षा अधिकारी, हल्का पटवारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में बिना अनुमति संचालित व्यावसायिक गतिविधियों और नियमों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठान संचालकों में हड़कंप की स्थिति है।

Leave a Comment