रिपोर्ट,मनोज प्रजापति

10.30 लाख रुपये से अधिक की मदिरा जब्त, फरार आरोपियों की तलाश जारी
सागर। सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने बंडा और बाछलोन क्षेत्र में दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी कर 10.30 लाख रुपये से अधिक कीमत की मदिरा जब्त की है। दोनों मामलों में आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।
पहली कार्रवाई 10 सितंबर की देर रात बंडा क्षेत्र के ग्राम हीरापुर, थाना शाहगढ़ में की गई। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने फरार आरोपी मनीष लोधी द्वारा कथित रूप से शराब के भंडारण के लिए इस्तेमाल किए जा रहे मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान विभिन्न विदेशी मदिरा ब्रांड की करीब 261 बल्क लीटर शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 2.80 लाख रुपये बताई गई है। मामले में आरोपी के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

वहीं दूसरी कार्रवाई 11 सितंबर को वृत्त आंतरिक क्षेत्र के ग्राम बाछलोन में की गई। आबकारी अमले ने एक खाली मकान की तलाशी ली, जहां से 96 पेटी विदेशी मदिरा, बीयर एवं देशी मदिरा बरामद की गई। जब्त मदिरा की कुल मात्रा करीब 164 बल्क लीटर है, जिसकी अनुमानित कीमत 7.50 लाख रुपये आंकी गई है।
इस मामले में भी आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और अवैध शराब के इस नेटवर्क से जुड़े आरोपी की तलाश की जा रही है।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति है।
















