रिपोर्ट, पीएन सिंह

कुछ समस्याओं का मौके पर हुआ समाधान, शेष के शीघ्र निस्तारण का मिला आश्वासन
सूरतगंज। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के प्रतिनिधिमंडल की शुक्रवार, 11 सितंबर 2026 को खंड विकास अधिकारी सूरतगंज की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण एवं सार्थक वार्ता संपन्न हुई। बैठक में करीब 10 से 12 विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।
दरअसल, भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक की ओर से पूर्व में 31 अगस्त को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर 16 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन खंड विकास अधिकारी सूरतगंज को सौंपा गया था। ज्ञापन का संज्ञान लेते हुए खंड विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण करने तथा की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए थे।

इसी क्रम में शुक्रवार को किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल और संबंधित विभागों के अधिकारियों के बीच विस्तृत वार्ता आयोजित की गई। बैठक के दौरान किसान प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों और क्षेत्रीय समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने प्रत्येक समस्या को गंभीरता से सुना और उनके समाधान को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

वार्ता के दौरान कुछ समस्याओं का तत्काल समाधान किया गया, जबकि शेष समस्याओं के संबंध में खंड विकास अधिकारी सूरतगंज द्वारा किसान प्रतिनिधिमंडल को पूर्ण आश्वासन दिया गया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के माध्यम से समस्याओं का जल्द से जल्द निस्तारण कराया जाएगा तथा भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के संगठन को कार्रवाई से अवगत कराया जाएगा।
किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों द्वारा समस्याओं को गंभीरता से सुने जाने और उनके समाधान की दिशा में की जा रही कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि किसानों की जायज समस्याओं के समाधान के लिए संगठन लगातार संबंधित अधिकारियों के साथ संवाद करता रहेगा।

















