रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

मा0 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रवींद्र जायसवाल ने नवाबगंज एवं रामसनेहीघाट के नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालयों का किया लोकार्पण
जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों से किया संवाद, बोले-पारदर्शी एवं सुगम पंजीयन व्यवस्था सरकार की प्राथमिकता
मा0 मुख्यमंत्री जी के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देख आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों को किया सम्मानित
बाराबंकी, 08 सितम्बर। मा0 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), स्टाम्प तथा न्यायालय शुल्क एवं पंजीयन विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री रवींद्र जायसवाल का आज अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद में आगमन हुआ। मा0 मंत्री जी ने जनपद भ्रमण के दौरान नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालयों का लोकार्पण करने के साथ ही जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों एवं आमजन से संवाद किया तथा प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभागीय सेवाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

मा0 राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री रवींद्र जायसवाल ने सर्वप्रथम नवनिर्मित उप निबंधक कार्यालय नवाबगंज सदर का विधिवत लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यालय परिसर का निरीक्षण करते हुए उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं व्यापारियों के साथ संवाद करते हुए पंजीयन विभाग की सेवाओं को और अधिक पारदर्शी, सरल एवं जनसुलभ बनाए जाने पर चर्चा की।
मा0 मंत्री जी ने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को बेहतर एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पंजीयन कार्यालयों में आधुनिक एवं बेहतर अवस्थापना सुविधाओं के विकास से आम नागरिकों को सुविधा मिलेगी तथा संपत्तियों के पंजीयन से संबंधित कार्य अधिक सुगमता और पारदर्शिता के साथ संपन्न होंगे। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि जनता को सरकारी कार्यालयों में बेहतर वातावरण के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्राप्त हों। इस अवसर पर मा0 जिला पंचायत प्रशासक श्रीमती राजरानी रावत, मा0 एमएलसी श्री अंगद सिंह , भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राम सिंह वर्मा सहित अन्य अधिकारी आमजनमानस उपस्थित रहे।

इसके उपरांत मा0 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री रवींद्र जायसवाल ने मा0 राज्य मंत्री, खाद्य एवं रसद विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार श्री सतीश चंद्र शर्मा के साथ उप निबंधक कार्यालय रामसनेहीघाट के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान मा0 मंत्रीगण ने कार्यालय भवन एवं वहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया।
मा0 मंत्री श्री रवींद्र जायसवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में विकास की गति निरंतर तेज हुई है। सरकारी सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उन्हें अधिक पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्यालयों में आने वाले आम नागरिकों को सम्मानजनक व्यवहार के साथ त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

कार्यक्रम के अगले चरण में नगर पंचायत रामसनेहीघाट के मिनी स्टेडियम में मा0 मुख्यमंत्री जी की अध्यक्षता में आयोजित बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं तथा महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों के सम्मान समारोह का सजीव प्रसारण देखा एवं सुना गया। मा0 मंत्रीगण ने उपस्थित आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं अन्य लाभार्थियों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की तथा उन्हें सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर मा0 मंत्रीगण ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं सहायिकाएं मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण तथा बाल विकास के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। प्रदेश सरकार महिलाओं एवं बच्चों के सशक्तिकरण और उनके सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी ढंग से क्रियान्वयन कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं के समर्पित प्रयासों से शासन की पोषण एवं बाल विकास से संबंधित योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है।
मा0 मंत्रीगण ने सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का आह्वान किया कि वे पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं एवं बच्चों तक शासन की योजनाओं और पोषण संबंधी सेवाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मा0 जनप्रतिनिधिगण, संबंधित विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, सहायिकाएं, व्यापारीगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

















