चाईबासा:रक्षा बंधन के पर्व को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में जेएसएलपीएस समूह की महिलाओं द्वारा राखी स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के जरिए स्वयं सहायता समूह से जुड़ी ग्रामीण महिलाओं को अपने हाथों से तैयार उत्पादों की बिक्री के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है।
जिला समाहरणालय परिसर के सामने और सदर चाईबासा अनुमंडल कार्यालय के समीप लगाए गए राखी स्टॉल का उद्घाटन पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार एवं चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष नितिन प्रकाश ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद अधिकारियों ने स्टॉल पर उपलब्ध राखियों, मिठाइयों एवं अन्य सामग्रियों की खरीदारी कर जेएसएलपीएस समूह की दीदियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं को रोजगार और आय के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
जेएसएलपीएस की दीदियों द्वारा संचालित इन स्टॉलों से त्योहारों के दौरान स्थानीय उत्पादों को बाजार मिल रहा है। इससे महिलाओं के हुनर और मेहनत को पहचान मिलने के साथ उनकी आमदनी बढ़ाने का भी अवसर पैदा हो रहा है।
जिला प्रशासन की ओर से महिला स्वयं सहायता समूहों को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ने और उनके उत्पादों की बिक्री के लिए बाजार उपलब्ध कराने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। राखी स्टॉल भी इसी पहल का हिस्सा है, जहां लोगों को स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पाद मिल रहे हैं और महिलाओं को अपने उत्पाद बेचने का सीधा अवसर प्राप्त हो रहा है।
इस अवसर पर चाईबासा नगर परिषद की प्रशासक संतोषणी मुर्मू, जेएसएलपीएस की डीपीएम आशियानी मारकी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।














