चाईबासा में ‘परख ओलंपियाड’ परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, उपायुक्त ने किया परीक्षा केंद्र का निरीक्षण

चाईबासा:पश्चिमी सिंहभूम जिले में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता को बेहतर बनाने के उद्देश्य से संचालित ‘प्रोजेक्ट परख–तैयारी उड़ान’ के तहत रविवार को परख ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ।

इस दौरान जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने चाईबासा स्थित टाटा कॉलेज परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षार्थियों के लिए पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पंखे, बेंच-डेस्क सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।

परीक्षा समाप्त होने के बाद उपायुक्त ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ‘प्रोजेक्ट परख–तैयारी उड़ान’ विद्यार्थियों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने और उन्हें आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने छात्रों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने बताया कि परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 100 विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। इन विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, विशेष शैक्षणिक सहयोग और अकादमिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे बेहतर परिणाम हासिल कर सकें।

उन्होंने विद्यार्थियों को ‘प्रोजेक्ट चेंज’ की भी जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के माध्यम से सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव, नशामुक्ति, तंबाकू निषेध, स्वच्छता, जल एवं पर्यावरण संरक्षण, बाल विवाह रोकथाम, टीबी उन्मूलन, वृक्षारोपण, सीपीआर, कुपोषण, कौशल विकास और रोजगार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर समाज में जागरूकता फैलाई जा रही है।

निरीक्षण के दौरान प्रशिक्षु आईएएस, जिला शिक्षा अधीक्षक एवं शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment