राजनगर (सरायकेला-खरसावां): सिंहभूम (कोल्हान) के प्रमंडलीय आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम ने गुरुवार को राजनगर प्रखंड सह अंचल कार्यालय का निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्था, जनसेवा और विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, अपर उपायुक्त जैवर्धन कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रमंडलीय आयुक्त ने कार्यालय की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेख संधारण, जनसेवा व्यवस्था, ऑनलाइन एवं ऑफलाइन आवेदनों के निष्पादन और विभागीय योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्यालय आने वाले प्रत्येक नागरिक को पारदर्शी, समयबद्ध और नागरिक हितैषी सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जन शिकायतों, जनप्रतिनिधियों से प्राप्त परिवादों तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। साथ ही शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग कर अद्यतन प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने स्थानीय भाषा एवं स्थानीय माध्यमों के जरिए योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर जनजागरूकता अभियान को और मजबूत बनाने तथा योजनाओं के समन्वित क्रियान्वयन पर बल दिया।
इस दौरान 5 अगस्त 2026 को SIR-2026 के तहत प्रकाशित होने वाली ड्राफ्ट निर्वाचक नामावली (Draft Electoral Roll) की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सभी अभिलेखों का सूक्ष्म सत्यापन कर समय-सीमा के भीतर त्रुटिरहित ढंग से प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के अंत में प्रमंडलीय आयुक्त ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों से जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुखी कार्य संस्कृति अपनाने तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।














