जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित निक्को पार्क वाटर पार्क में गुरुवार को युवती से कथित छेड़खानी को लेकर जमकर हंगामा हो गया। घटना के बाद पार्क परिसर में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती अपने परिजनों के साथ वाटर पार्क घूमने पहुंची थी। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों ने कथित तौर पर युवती के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर आरोपियों ने युवती के परिजनों के साथ मारपीट भी की।
घटना के बाद काफी देर तक वाटर पार्क परिसर में हंगामे की स्थिति बनी रही। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को शांत कराया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोहित और कुणाल समेत कुल चार युवकों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपियों से थाना में पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक नशे की हालत में बताए जा रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है तथा प्रत्यक्षदर्शियों और संबंधित लोगों से पूछताछ कर घटना की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
रिपोर्ट: बृजराज सिंह पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर, जी भारत न्यूज़।










