रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान जी भारत न्यूज़।
बाराबंकी, 17 मई 2026।
देशहित में माननीय प्रधानमंत्री जी के आह्वान एवं माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में आज कलेक्ट्रेट सभागार, बाराबंकी में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पुलिस अधीक्षक बाराबंकी, समस्त उपायुक्त राज्य कर, सर्राफा एसोसिएशन बाराबंकी तथा जनपद के प्रमुख सर्राफा व्यापारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक का मुख्य उद्देश्य विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव को कम करना तथा सोने के आयात को नियंत्रित करने के संबंध में संवाद स्थापित करना था।
बैठक में राज्य कर विभाग के अधिकारियों के साथ सर्राफा एसोसिएशन जनपद बाराबंकी के अध्यक्ष श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं व्यापारीगण—श्री शशी शेखर गुप्ता, श्री अनिल रस्तोगी, श्री राजू वर्मा, श्री संतोष कुमार सोनी, श्री सुनील त्रिवेदी, श्री नीरज सोनी, श्री विकास गुप्ता, श्री श्यामजी गुप्ता, श्री मुरारी लाल, श्री अजीत सोनी, श्री अनन्त कुमार आदि उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा उपस्थित व्यापारियों को विदेशी मुद्रा पर पड़ रहे वैश्विक दबाव के विषय में विस्तार से अवगत कराया गया तथा अपेक्षा की गई कि सभी व्यापारी देशहित में स्वेच्छा से सोने एवं चांदी की बुलियन (ईंट/बिस्कुट) की खरीद-बिक्री को हतोत्साहित करेंगे। इस संबंध में सर्राफा व्यापारी एसोसिएशन एवं स्थानीय व्यापारियों द्वारा पूर्ण सहमति व्यक्त की गई।
व्यापारियों ने एकजुटता प्रदर्शित करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों एवं युद्धजनित आर्थिक प्रभावों को देखते हुए वे देश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु शासन-प्रशासन का हर संभव सहयोग करेंगे। पुलिस अधीक्षक द्वारा व्यापारियों को समुचित सुरक्षा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। घंटाघर क्षेत्र के व्यापारियों द्वारा रात्रि गश्त बढ़ाने का अनुरोध भी किया गया, जिस पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन प्रदान किया गया।
बैठक के दौरान कुछ व्यापारियों द्वारा अपनी व्यावहारिक समस्याओं से भी अवगत कराया गया, जिनके त्वरित निस्तारण हेतु जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में जीएसटी विभाग से उपायुक्त राज्य कर श्रीमती प्रेरणा सिंह, श्री विकास कुमार सेठ, श्रीमती अंजू उपाध्याय तथा सहायक आयुक्त राज्य कर श्रीमती अंचल अग्रवाल, श्रीमती ज्योत्स्ना सिंह, राज्य कर अधिकारी श्री रवि प्रकाश सिंह एवं सुश्री कहकशाँ उपस्थित रहीं।










