बाराबंकी: उद्यमियों, व्यापारियों एवं श्रमिक हितों के प्रकरणों का प्राथमिकता से हो समाधान : डीएम

उद्यमियों, व्यापारियों एवं श्रमिक हितों के प्रकरणों का प्राथमिकता से हो समाधान : डीएम

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला वाणिज्य बंधु, उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु समितियों की संयुक्त बैठक सम्पन्न

बाराबंकी, 27 अप्रैल। जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वाणिज्य बंधु, उद्योग बंधु एवं श्रम बंधु समितियों की संयुक्त बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने व्यापार, उद्योग एवं श्रमिक हितों से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कहा कि उद्यमियों, व्यापारियों एवं श्रमिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे जनपद में सुगम व्यापारिक एवं औद्योगिक वातावरण विकसित हो सके।

वाणिज्य बंधु समिति की बैठक में यातायात एवं शहरी व्यवस्थाओं की समीक्षा

बैठक में सर्वप्रथम जिला वाणिज्य बंधु समिति के अंतर्गत शहर की यातायात व्यवस्था, बाजार प्रबंधन, पार्किंग एवं अतिक्रमण से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि शहर के प्रमुख मार्गों पर पूर्व से लागू वन-वे व्यवस्था को कड़ाई से प्रभावी कराया जाए, जिससे यातायात सुचारु बना रहे और जाम की स्थिति न उत्पन्न हो।

उन्होंने ई-रिक्शा संचालन को सुव्यवस्थित करने हेतु प्रमुख चौराहों पर स्थान चिन्हित कर वहीं से सवारी बैठाने की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही परिवहन निगम की बसों को केवल निर्धारित स्थलों से ही सवारी बैठाने के निर्देश दिए, ताकि सड़क किनारे अव्यवस्थित ठहराव के कारण यातायात प्रभावित न हो।

जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र में बेतरतीब विद्युत तारों, अतिक्रमण एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रकरणों की भी समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने सभी व्यापारी बंधुओं से शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं सुव्यवस्थित बनाने में प्रशासन को सहयोग देने की अपील की।

उद्योग बंधु समिति में औद्योगिक निवेश एवं अवस्थापना कार्यों की समीक्षा

इसके उपरांत जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में जनपद में औद्योगिक निवेश, निवेश मित्र पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों तथा औद्योगिक क्षेत्रों की अवस्थापना संबंधी प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि निवेश से जुड़े सभी प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के अंतर्गत शासन की मंशा के अनुरूप त्वरित कार्यवाही की जाए।

बैठक में यूपीएसआईडीसी औद्योगिक क्षेत्र कुर्सी रोड में फायर स्टेशन एवं अनावासीय भवन निर्माण, अवशेष सड़कों, सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट, विद्युत कार्य एवं सौंदर्यीकरण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। औद्योगिक क्षेत्र माती में सड़क निर्माण एवं जल निकासी हेतु नाला निर्माण से जुड़े प्रकरणों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में उद्यमियों द्वारा उठाए गए लंबित प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए तथा स्पष्ट किया कि औद्योगिक विकास से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी स्वीकार्य नहीं होगी।

श्रम बंधु समिति में श्रमिक हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा

श्रम बंधु समिति की बैठक में श्रमिकों के कल्याण, श्रम कानूनों के अनुपालन, औद्योगिक इकाइयों में श्रमिक सुविधाओं तथा श्रमिक हितों से संबंधित विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रमिकों से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्यवाही सुनिश्चित की जाए तथा श्रमिक कल्याण योजनाओं का लाभ पात्रों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए।

बैठक में जॉइंट मजिस्ट्रेट/एसडीएम नवाबगंज सुश्री गुंजिता अग्रवाल, प्रशिक्षु आईएएस श्री विद्यांशु शेखर झा सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण, व्यापारी एवं उद्यमी प्रतिनिधि तथा श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment