रिपोर्ट, अमन सोनकर उन्नाव जी भारत न्यूज़।
उन्नाव से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। मामला कानून व्यवस्था और स्थानीय निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। आरोप है कि सदर कोतवाली क्षेत्र में खुलेआम लाखों रुपये का जुआ संचालित हो रहा है, जिससे क्षेत्रीय लोग परेशान हैं।
जानकारी के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर नहर के पास कथित तौर पर प्रतिदिन बड़े स्तर पर जुए का खेल चलता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं और देर रात तक लाखों रुपये का दांव लगाया जाता है। क्षेत्र में चर्चा है कि इस पूरे नेटवर्क में सुनील काका, शकील, राजा, लाल्लू और सूरज जायसवाल जैसे नाम सामने आ रहे हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि लंबे समय से चल रही इन गतिविधियों के कारण इलाके का माहौल प्रभावित हो रहा है। लोगों का आरोप है कि युवाओं पर इसका नकारात्मक असर पड़ रहा है और असामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि यदि इतनी बड़ी गतिविधि रोजाना संचालित हो रही है, तो क्या इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस और जिम्मेदार अधिकारियों तक नहीं पहुंच रही, या फिर कहीं न कहीं लापरवाही बरती जा रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कई बार शिकायतों के बावजूद अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई देखने को नहीं मिली। ऐसे में अब लोगों की निगाहें प्रशासन और पुलिस विभाग पर टिकी हुई हैं। जनता मांग कर रही है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था कायम रह सके।
फिलहाल बड़ा सवाल यही है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी जागेंगे और शेखपुर नहर के पास चल रहे कथित जुए के इस अड्डे पर कार्रवाई होगी, या फिर यह सिलसिला यूं ही चलता रहेगा।










