नोवामुंडी में तेज रफ्तार बाइक ने भैंस को मारी टक्कर, मौके पर मौत; तीन युवक घायल

नोवामुंडी (चाईबासा): पश्चिमी सिंहभूम जिले के नोवामुंडी थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम एक सड़क दुर्घटना में भैंस की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक सवार तीन युवक घायल हो गए। यह हादसा रिलायंस पेट्रोल पंप के पास हुआ। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मिली जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार बाइक ने सड़क पर मौजूद एक भैंस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भैंस की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार तीन युवक भी दुर्घटना में घायल हो गए। घायलों की पहचान छोटा तिरिया, जेटिया तिरिया और प्रधान बोबोंगा के रूप में हुई है। इनमें छोटा तिरिया की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अस्पताल पहुंचाया

घटना की सूचना मिलने के बाद नोवामुंडी पुलिस सक्रिय हुई। एएसआई विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को पेट्रोलिंग वाहन से टाटा स्टील अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।

तेज रफ्तार और बिना हेलमेट वाहन चलाने पर रोक लगाने की मांग

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। लोगों का कहना है कि त्योहारों के दौरान सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में तेज रफ्तार से बाइक चलाने, बिना हेलमेट वाहन चलाने और मॉडिफाइड साइलेंसर का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

स्थानीय लोगों ने पुलिस-प्रशासन से क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाने की मांग की है, ताकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाया जा सके और भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

जगन्नाथपुर ब्यूरो हेड, चाईबासा

AnupSrivastav
Author: AnupSrivastav

State Prabhari, Jharkhand Zee Bharat News

Leave a Comment