बाराबंकी में नवरात्रि से पहले बजरंग दल का बड़ा कदम: मीट-शराब की दुकानें बंद करने की मांग, तहसीलों में सौंपा 8 सूत्रीय ज्ञापन!

रिपोर्ट, पी.एन. सिंह।

धार्मिक स्थलों के आसपास मांस-मछली, अंडे और शराब की दुकानों को हटाने की मांग, पंडालों में सुरक्षा और रात्रि गश्त बढ़ाने की उठाई आवाज

बाराबंकी। नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की मांग को लेकर शुक्रवार को जिले की विभिन्न तहसीलों में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने संबंधित उपजिलाधिकारियों से मुलाकात कर आठ सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, धार्मिक आयोजनों की मर्यादा बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की।

रामनगर में उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता को सौंपा ज्ञापन

रामनगर में विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री राहुल कुमार, प्रखंड अध्यक्ष रमाकांत वर्मा, बजरंग दल के प्रखंड संयोजक श्रीकांत मिश्रा, त्रिभुवन मौर्य, श्याम उपाध्याय, विमल त्रिवेदी, गोलू त्रिपाठी, आशुतोष दुबे, छोटू अवस्थी और मनीष सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी आकांक्षा गुप्ता को मांग पत्र सौंपा। कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में शामिल मांगों पर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

नवाबगंज में गुंजिता अग्रवाल को दिया मांग पत्र

नवाबगंज में जिला संगठन मंत्री अखिल, बजरंग दल के जिला सहसंयोजक तुषार तिवारी, नगर संयोजक राहुल वाल्मीकि, ठाकुर युवराज सिंह, शिवम् यादव, अंतरिक्ष यादव और हरि सहित दर्जनों कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी गुंजिता अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और धार्मिक आयोजनों में अनुशासन बनाए रखने की मांग की गई।

फतेहपुर में भी अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर में उपजिलाधिकारी कार्तिकेय सिंह को बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के साथ विश्व हिंदू परिषद के जिला विशेष संपर्क प्रमुख तुलसीराम चौहान, जिला सहमंत्री वीरेंद्र यादव, विवेक वर्मा, अभिषेक कुमार, रुपेश अवस्थी, रूपचंद, इंद्रेश मिश्रा और वीरेश मिश्रा सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

धार्मिक स्थलों के आसपास दुकानों को हटाने की मांग

ज्ञापन में धार्मिक स्थलों के आसपास संचालित मांस-मछली, अंडे और शराब की दुकानों को हटाने की मांग की गई। इसके अलावा नवरात्रि पंडालों और आयोजन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों से निगरानी कराने की मांग भी उठाई गई।

कार्यकर्ताओं ने त्योहारों के दौरान रात में नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का अनुरोध किया, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण वातावरण में धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल हो सकें।

धार्मिक आयोजनों की मर्यादा बनाए रखने पर जोर

ज्ञापन में आयोजकों से पारंपरिक वेशभूषा और सांस्कृतिक परंपराओं का पालन कराने की मांग की गई। साथ ही धार्मिक पंडालों में भक्ति गीतों और पारंपरिक लोकगीतों को प्राथमिकता देने तथा अश्लील गीतों और नशे पर रोक लगाने की बात कही गई।

कार्यकर्ताओं ने छेड़छाड़, अभद्रता और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की मांग की।

व्यावसायिक आयोजनों पर निगरानी और प्रतिमा स्थापना की अनुमति की मांग

ज्ञापन में धर्म के नाम पर आयोजित होने वाले सशुल्क व्यावसायिक कार्यक्रमों पर निगरानी रखने और ऐसे आयोजनों को अनुमति देने के संबंध में उचित नियमों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की गई। इसके साथ ही सनातन परंपरा में आस्था रखने वाले हिंदुओं को नियमानुसार प्रतिमा स्थापना की अनुमति दिए जाने का मुद्दा भी उठाया गया।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों के दौरान सभी संबंधित बिंदुओं पर आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि धार्मिक कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकें।

Leave a Comment