रिपोर्ट, मनोज प्रजापति।
सागर। माननीय उच्च न्यायालय, जबलपुर एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सागर श्री महेश कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में ‘उल्लास : एक अभिनव प्रयोग’ अभियान के अंतर्गत स्वच्छता दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर जिला न्यायालय परिसर, कुटुम्ब न्यायालय तथा न्यायालय के विभिन्न अनुभागों में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य न्यायालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के साथ स्वच्छता के प्रति न्यायालय परिवार में जागरूकता बढ़ाना रहा।
प्रधान जिला न्यायाधीश ने किया न्यायालय परिसर का निरीक्षण
स्वच्छता अभियान के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेश कुमार शर्मा ने जिला न्यायालय परिसर के विभिन्न स्थानों, कुटुम्ब न्यायालय और न्यायालय के अलग-अलग अनुभागों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हुए न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल और न्यायालय परिसर को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक व्यक्ति या विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण से कार्यक्षमता में वृद्धि होती है तथा न्यायालय में आने वाले पक्षकारों और आमजन को भी सकारात्मक वातावरण मिलता है।
उत्कृष्ट स्वच्छता वाले अनुभाग होंगे पुरस्कृत
प्रधान जिला न्यायाधीश ने न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से स्वच्छता को अपनी दैनिक कार्यप्रणाली का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिन अनुभागों में उत्कृष्ट स्वच्छता एवं बेहतर व्यवस्था पाई जाएगी, वहां के प्रभारी अधिकारी और कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
अभियान के दौरान न्यायालय परिसर की साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
न्यायालय परिवार ने लिया स्वच्छता का संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित न्यायिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने न्यायालय परिसर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सागर के सचिव श्री अंकित श्रीवास्तव सहित न्यायालय के समस्त न्यायाधीशगण, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री अंकित श्रीवास्तव ने कहा कि न्यायालय परिवार के प्रत्येक सदस्य की जिम्मेदारी है कि वह अपने कार्यस्थल के साथ-साथ पूरे न्यायालय परिसर की स्वच्छता और गरिमा बनाए रखने में अपना योगदान दे।
















