28 सितंबर को सागर में होगा युवा संगम, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे
रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले में निजी कंपनियां लेंगी युवाओं के साक्षात्कार, स्वरोजगार योजनाओं की भी मिलेगी जानकारी
सागर, मध्यप्रदेश। युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा 28 सितंबर 2026 को सागर में युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में यह कार्यक्रम तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन 28 सितंबर को प्रातः 11 बजे शासकीय संभागीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), सागर परिसर में किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान रोजगार मेला एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन होगा। इसमें विभिन्न निजी क्षेत्र की कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे, जो आवेदकों का साक्षात्कार लेकर विभिन्न पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगे। इससे युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर प्राप्त होंगे।
इसके साथ ही सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी भी युवाओं और इच्छुक आवेदकों को दी जाएगी। पात्र हितग्राहियों को स्वरोजगार के लिए उपलब्ध ऋण योजनाओं तथा ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्रदान की जाएगी।
आवेदक ये दस्तावेज साथ लेकर पहुंचें
रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले में शामिल होने वाले आवेदकों को साक्षात्कार के लिए आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य होगा। आवेदकों को रोजगार कार्यालय का पंजीयन, समग्र आईडी, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा शैक्षणिक योग्यता से संबंधित अंकसूची एवं प्रमाण-पत्र साथ लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना होगा।
जिला प्रशासन की ओर से युवाओं से अपील की गई है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ कार्यक्रम में उपस्थित हों।
मध्यप्रदेश के सागर से ब्यूरो चीफ मनोज प्रजापति की खास रिपोर्ट, जी भारत न्यूज़
















