सागर: 10 लाख दीपों से जगमगाएगा सागर, सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की प्रभारी मंत्री ने की समीक्षा

रिपोर्ट, मनोज प्रजापति

सभी विभाग जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर अभियान की गतिविधियां समय-सीमा में पूर्ण कराएं: उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल

सागर। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान की सभी गतिविधियां व्यापक जनभागीदारी, बेहतर विभागीय समन्वय और निर्धारित समय-सीमा के भीतर सफलतापूर्वक संपन्न कराई जाएं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी विभाग जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करें और अधिक से अधिक नागरिकों को विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा जाए। उन्होंने अभियान को सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने का माध्यम बताया।

17 सितंबर को 10 लाख दीपों से रोशन होगा सागर

बैठक में 17 सितंबर को आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम की तैयारियों की जानकारी ली गई। उप मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत जिलेभर में 10 लाख दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। इसके लिए निर्धारित समय पर सामूहिक दीप प्रज्ज्वलन की समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया। इसी दिन आयोजित होने वाले रक्तदान शिविरों के लिए स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों की भी समीक्षा

उप मुख्यमंत्री ने ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता, ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’, ‘आंगन मिलन सेवा’ और ‘सेवा की कहानी’ सहित अभियान के तहत प्रस्तावित अन्य गतिविधियों की भी जानकारी ली।

उन्होंने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों की सफलता की कहानियों को प्रभावी तरीके से सामने लाया जाए, ताकि योजनाओं की जानकारी अधिक लोगों तक पहुंचे।

मेगा शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ

बैठक में ‘सेवा मेरा योगदान’ तथा ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत प्रस्तावित गतिविधियों पर भी चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री ने मेगा शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने अभियान की गतिविधियों को सुचारू रूप से संचालित करने को लेकर अपने सुझाव भी दिए। उप मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए विभागीय समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

नशा मुक्त भारत अभियान और सेवा ज्योति कलश यात्रा पर भी जोर

उप मुख्यमंत्री ने बड़नगर यात्रा के रूट की जानकारी जनप्रतिनिधियों के साथ साझा करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रा के आयोजन और व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक समन्वय बना रहे।

उन्होंने नशा मुक्त भारत अभियान को जिलेभर में व्यापक स्तर पर संचालित करने और जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने के निर्देश दिए।

इसके अलावा ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ सहित अभियान के आगामी कार्यक्रमों को लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं, सुरक्षा, परिवहन और जनभागीदारी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। अधिकारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करते हुए कार्ययोजना के अनुसार तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने दी तैयारियों की जानकारी

बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में की जा रही तैयारियों की जानकारी दी। जिला पंचायत सीईओ जगदीश कुमार गोमे ने अभियान की विस्तृत कार्ययोजना से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया।

इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह, सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, श्याम तिवारी, रानी कुशवाहा, शैलेष केशरवानी, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

Dhikua Village News | ग्राम ढिकुआ सागर | खुरई सड़क समस्या | Sagar Ground Report

Leave a Comment