रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।
कक्षाओं, छात्रावास और कैंटीन का किया निरीक्षण, विद्यार्थियों से संवाद कर जानी समस्याएं
साफ-सफाई, भोजन और बिजली मेंटेनेंस की गुणवत्ता को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
बाराबंकी। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित सर्वोदय विद्यालय तीरगांव में उपनिदेशक अमरजीत सिंह ने निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। व्यवस्थाओं को करीब से समझने के लिए उपनिदेशक ने विद्यालय में रात्रि प्रवास भी किया। इस दौरान उन्होंने कक्षाओं, छात्रावास और कैंटीन का निरीक्षण करते हुए विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उपनिदेशक ने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम के बाद संक्रामक बीमारियों की आशंका को देखते हुए विद्यालय परिसर, छात्रावास तथा आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता बनाए रखना जरूरी है।
उन्होंने कैंटीन का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की। भोजन की गुणवत्ता बेहतर पाए जाने पर उन्होंने व्यवस्था को इसी स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए।
उपनिदेशक ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, दैनिक दिनचर्या, समस्याओं और आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से वे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं।
इसके अलावा उन्होंने विद्यार्थियों की कॉपियां भी देखीं और उनकी शैक्षणिक प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने विद्यालय में चल रहे बिजली मेंटेनेंस कार्य का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित जिम्मेदारों को गुणवत्तापूर्ण सामग्री का प्रयोग सुनिश्चित करने और कार्य को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
उपनिदेशक अमरजीत सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के साथ-साथ सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण देना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
सांसद चंद्रशेखर आजाद को गोंडा जाने से क्यों रोका? बाराबंकी में भड़की भीम आर्मी का बड़ा ऐलान!
















