रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

डीएम की अध्यक्षता में नगर विकास कार्यो की समीक्षा बैठक सम्पन्न
भारी बारिश के दृष्टिगत नगर निकाय अलर्ट मोड में रहें, जलभराव की स्थिति पर तत्काल कार्रवाई करें : डीएम
OTS योजना के तहत बकायेदार करदाताओं को योजना से मिलने वाले लाभ की जानकारियो वाली नोटिस देकर लाभ दिलाएं : डीएम
बाराबंकी, 03 सितम्बर। जिलाधिकारी श्री ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित लोक सभागार में नगर विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक के प्रारम्भ में जिलाधिकारी ने जनपद के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों से वर्तमान में हो रही भारी बारिश के दृष्टिगत एक-एक नगर निकाय में जलभराव की स्थिति की जानकारी ली। सभी अधिशासी अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में कहीं भी स्थायी जलभराव की स्थिति नहीं है। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बारिश को देखते हुए सभी नगर निकाय अलर्ट मोड में रहें तथा कहीं भी जलभराव की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। जलभराव के दृष्टि से संवेदनशील स्थलों पर पम्प आदि आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित रखी जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल जल निकासी कराई जा सके।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जलभराव से संबंधित आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त होने वाली प्रत्येक शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित एवं संतुष्टिपरक निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने नगर निकायों में स्वच्छता एवं जनस्वास्थ्य व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। कहा कि बारिश के दौरान सभी वार्डों में नियमित साफ-सफाई, नालों एवं नालियों की सफाई तथा कूड़ा उठान सुनिश्चित किया जाए। मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के लिए नियमित फॉगिंग एवं आवश्यकतानुसार कीटनाशकों का छिड़काव कराया जाए। जलभराव वाले अथवा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखते हुए साफ-सफाई एवं फॉगिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि संक्रमण एवं मच्छरजनित बीमारियों के प्रसार को प्रभावी रूप से रोका जा सके।

बैठक में ‘एकमुश्त समाधान योजना (OTS)’ की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि योजना का लाभ अधिक से अधिक पात्र करदाताओं तक पहुंचाने के लिए सभी नगरीय निकायों में वार्डवार टीमें गठित कर प्रत्येक बकायेदार करदाता को नोटिस उपलब्ध कराया जाए। नोटिस में करदाता के कुल बकाये के साथ-साथ OTS के अंतर्गत वर्तमान में भुगतान करने पर मिलने वाली छूट/लाभ की धनराशि का स्पष्ट उल्लेख किया जाए, ताकि करदाता को देय राशि एवं योजना से मिलने वाले लाभ की पूरी जानकारी एक ही स्थान पर मिल सके। उन्होंने बड़े बकायेदारों एवं पुराने बकाये वाले करदाताओं से विशेष रूप से संपर्क कर योजना का लाभ दिलाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर बकाया कर जमा कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी नवाबगंज सुश्री गुंजिता अग्रवाल सहित नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, अभियंता तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।















