जगन्नाथपुर/चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन के मामले का खुलासा करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के पास से अलग-अलग कंपनियों के कुल 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को सफीकुल शेख ने जगन्नाथपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 24 अगस्त की रात मजदूर खाना खाने के बाद सो गए थे। सुबह करीब 3 बजे शौच के लिए जाने पर देखा गया कि मोबाइल चार्जिंग में लगाए गए थे, लेकिन वहां एक भी मोबाइल मौजूद नहीं था। पूछताछ के बाद मजदूरों को मोबाइल चोरी होने का संदेह हुआ।
मामले में जगन्नाथपुर थाना कांड संख्या 41/26, दिनांक 25 अगस्त 2026 को धारा 305(ए) बीएनएसओ 2023 के तहत अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
घटना की जानकारी वरीय पुलिस अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के निर्देश पर छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी शाखा की मदद से पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ा जामदा बस स्टैंड के पास से अप्राथमिकी अभियुक्त विकास प्रसाद (करीब 19 वर्ष), पिता शंकर प्रसाद, निवासी टेंकसाई, बड़ा जामदा, थाना गुवा, पश्चिमी सिंहभूम को पकड़ा।
पुलिस ने उसके पास से अलग-अलग कंपनियों के 13 मोबाइल फोन बरामद किए। बरामद मोबाइलों का मिलान चोरी गए मोबाइलों से किया गया, जिसके बाद आरोपी को 26 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया है।
छापामारी दल में शामिल पुलिसकर्मी
छापामारी दल में जगन्नाथपुर थाना प्रभारी पुअनि टिंकू कुमार दास, पुअनि अभिमन्यु कुमार, पुअनि राजेश कुमार राय, तकनीकी शाखा के पुअनि अभय कुमार तथा जगन्नाथपुर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के अपराध से संबंधित सूचना मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना, डायल-112 या पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल नंबर 9508243546 पर सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गुप्त रखा जाएगा।
स्रोत: जगन्नाथपुर थाना की दिनांक 27.08.2026 की प्रेस विज्ञप्ति।














