रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी/उड़ीसा। उड़ीसा के कंधमाल जिले में पुलिस ने गांजा तस्करी के बड़े मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 60 किलो गांजा बरामद होने के साथ ही तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अरमान खान निवासी बाराबंकी और करामत अली निवासी गोंडा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी कार से गांजा लेकर जा रहे थे और पुलिस की चेकिंग से बचने के लिए कांवड़ियों का भेष बना रखा था।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कांवड़ यात्रा की आड़ में गांजे की खेप को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने की कोशिश की। हालांकि, पुलिस की सतर्कता के चलते दोनों तस्कर पकड़े गए और उनके कब्जे से गांजा बरामद कर लिया गया।
अब उड़ीसा पुलिस इस मामले की जांच को उत्तर प्रदेश तक आगे बढ़ा रही है। उत्तर प्रदेश पुलिस के सहयोग से आरोपियों के आगे और पीछे के नेटवर्क की पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी, इसे कहां पहुंचाया जाना था और इस पूरे तस्करी नेटवर्क में उत्तर प्रदेश के किन लोगों की भूमिका है।
फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गांजा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।















