बाराबंकी में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 25 किलो दूषित मिठाई नष्ट

श्रावण माह में मिठाई, डेयरी और किराना प्रतिष्ठानों पर चला अभियान, दूध-खोया-पनीर के 5 नमूने जांच के लिए भेजे गए
बाराबंकी। श्रावण माह में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जनपद के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान मिठाई, डेयरी और किराना प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। वहीं, साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाए जाने पर कई प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की प्रवर्तन टीम ने अभियान के दौरान कुल 5 खाद्य नमूने संग्रहित किए, जिनमें दूध, खोया और पनीर शामिल हैं। सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में नमूने निर्धारित मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की सुसंगत धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी।

25 किलो दूषित मिठाई मौके पर नष्ट
अभियान के दौरान टीम ने करीब 25 किलोग्राम दूषित मिठाई मौके पर ही नष्ट कराई। नष्ट की गई मिठाइयों की अनुमानित कीमत करीब 7,500 रुपये बताई गई है।
इन प्रतिष्ठानों पर हुई कार्रवाई
सूरतगंज, तहसील रामनगर स्थित कौशल मिष्ठान भंडार से पनीर और खोया का नमूना लिया गया। यहां 15 किलोग्राम दूषित लड्डू नष्ट कराए गए।
गोपाल डेयरी, लोधौरा चौराहा, महादेवा से दूध का नमूना संग्रहित किया गया।
यादव मिष्ठान भंडार, रानीगंज बाजार में 10 किलोग्राम दूषित मिठाइयां नष्ट कराई गईं और प्रतिष्ठान को नोटिस जारी किया गया।
सतनाम मिष्ठान भंडार, कोठी से खोया का नमूना लिया गया और साफ-सफाई को लेकर नोटिस जारी किया गया।
बंगाली स्वीट्स, कोठी से पनीर का नमूना लिया गया और नोटिस जारी किया गया।
इसके अलावा सुरेंद्र किराना, कोठी का निरीक्षण कर नोटिस जारी किया गया। वहीं, कैंटीन, हिंद मेडिकल कॉलेज, सफेदाबाद का भी निरीक्षण कर आवश्यक नोटिस जारी किया गया।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस का अनुपालन नहीं करने वाले खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रयोगशाला जांच में नमूने मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
इस प्रवर्तन कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरद पाण्डेय के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, सलिल सिंह, भगौती प्रसाद, अनुराधा मिश्रा, पल्लवी तिवारी और अर्शी फारूकी शामिल रहे।
कुल नमूने: 05 | नष्ट की गई मिठाई: 25 किलोग्राम | अनुमानित कीमत: 7,500 रुपये

Leave a Comment