रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी। जिले में अपराध नियंत्रण और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत माती पुलिस टीम ने अंतरजनपदीय पशु चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो चोरी की भैंस, एक अवैध चाकू, 450 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त डाला बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक बाराबंकी अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में अपराधियों एवं चोरी-लूट की घटनाओं में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के क्रम में थाना माती पुलिस टीम ने चार अंतरजनपदीय आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शशांक सिंह उर्फ श्रवण पुत्र काशीनाथ सिंह, निवासी ग्राम कटरा बक्शा खदरी बाजार, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, जनपद लखनऊ; आकाश पुत्र राज, निवासी ग्राम निजामपुर मझगवां, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ; निहाल पुत्र सुरेश, निवासी ग्राम मलौनी, थाना गोसाईगंज, लखनऊ तथा राजकुमार उर्फ राजनट पुत्र गिल्ली नट, निवासी ग्राम राजाखेड़ा मझरे बरौना, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, लखनऊ के रूप में हुई है।
पूछताछ में सामने आया गिरोह का तरीका
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि आरोपी एक गिरोह के रूप में आसपास के जनपदों में घूमकर भैंसों की चोरी करते थे। चोरी की गई भैंसों को डाला में लादकर उनके ऊपर तिरपाल बांध देते थे और बाद में चोरी के पशुओं को बेच देते थे।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने 6 अगस्त 2026 को ग्राम करौना, थाना सुशांत गोल्फ सिटी, जनपद लखनऊ से दो भैंस चोरी करने की बात स्वीकार की है। इस संबंध में थाना सुशांत गोल्फ सिटी में मुकदमा संख्या 51/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।
अवैध चाकू और वाहन भी बरामद
माती पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो भैंस, एक अवैध चाकू, 450 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त डाला (वाहन संख्या UP 32 SN 4339) बरामद किया है।
बरामदगी के आधार पर थाना माती में मुकदमा संख्या 72/2026, धारा 317(2) बीएनएस एवं 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।
बरामदगी का विवरण
02 चोरी की भैंस
01 अवैध चाकू
450 रुपये नकद
01 डाला, वाहन संख्या UP 32 SN 4339
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।















