बिजली गुल हुई तो अकबरपुर डाकघर में कामकाज ठप!

छह महीने से खराब पड़ा जनरेटर, बिजली कटौती के बीच उपभोक्ताओं को हो रही भारी परेशानी

रोमेश कुमार

संवाददाता, ज़ी भारत न्यूज़

कानपुर देहात। अकबरपुर स्थित जिले के मुख्य डाकघर में बिजली कटौती के चलते कामकाज प्रभावित होने का मामला सामने आया है। डाकघर में पिछले करीब छह माह से जनरेटर खराब पड़ा होने के कारण बिजली जाते ही कार्यालय की अधिकांश व्यवस्थाएं ठप हो जाती हैं। रोजाना दोपहर के समय करीब दो घंटे बिजली कटौती होने से कर्मचारियों के साथ-साथ दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले सैकड़ों उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अकबरपुर मुख्य डाकघर से आसपास के सैकड़ों गांव जुड़े हुए हैं, जबकि यहां हजारों लोगों के बचत खाते संचालित होते हैं। प्रतिदिन नए खाते खुलवाने, खातों में धनराशि जमा करने, निकासी, रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट तथा अन्य डाक सेवाओं के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में बिजली आपूर्ति बाधित होते ही ऑनलाइन एवं कंप्यूटरीकृत सेवाओं पर सीधा असर पड़ता है और उपभोक्ताओं को काम पूरा कराने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ता है।

उपभोक्ताओं का कहना है कि यह समस्या एक-दो दिन से नहीं, बल्कि लगातार करीब छह महीने से बनी हुई है। बिजली कटौती के दौरान कर्मचारियों को भीषण गर्मी में काम करने के लिए मजबूर होना पड़ता है। वहीं, दूर-दराज के गांवों से पहुंचे लोगों को भी अपनी बारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है। गुरुवार को माती कचहरी से आए अधिवक्ता राजेश कुमार, अजीत सिंह और रामकृष्ण दीक्षित रजिस्ट्री कराने पहुंचे, लेकिन बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण उन्हें भी इंतजार करना पड़ा। इसी तरह ज्योतिप, नरिहा, मुक्तापुर और कुड़ैतखेड़ा समेत कई गांवों से आए उपभोक्ताओं को भी खाते में धनराशि जमा एवं निकासी के लिए परेशानी उठानी पड़ी।

जनरेटर की व्यवस्था भी नहीं दे पा रही राहत

डाकघर के सहायक अधीक्षक डाक, अकबरपुर उपमंडल सत्यप्रकाश ने बताया कि जनरेटर के संचालन में होने वाला खर्च अधिक है। इसके भुगतान के लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति ली गई है। उन्होंने बताया कि जनरेटर को जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बिजली कटौती के दौरान डाक सेवाएं प्रभावित न हों और उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना न करना पड़े।

वहीं, सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिले के मुख्य डाकघर का जनरेटर लंबे समय से खराब होने के बावजूद अब तक उसे दुरुस्त क्यों नहीं कराया जा सका। बिजली जाते ही पूरा सिस्टम प्रभावित होने से डाकघर की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। बिजली कटौती के दौरान बैकअप व्यवस्था पूरी तरह प्रभावी न होने के कारण उपभोक्ताओं को लगातार असुविधा झेलनी पड़ रही है।

रोमेश कुमार, संवाददाता

ज़ी भारत न्यूज़

Romeshkumar
Author: Romeshkumar

Leave a Comment