रिपोर्ट, सुरेंद्र सिंह चौहान।

बाराबंकी। जिले में अवैध प्लाटिंग और भू-उपयोग नियमों के उल्लंघन के खिलाफ जिला प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में तहसील नवाबगंज क्षेत्र के रसौली मजरे स्थित प्रतापगंज गांव में Sun Surya Infra Pvt. Ltd. द्वारा विकसित की गई अवैध प्लाटिंग पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर उसे ध्वस्त करा दिया।
प्रशासन के अनुसार, गाटा संख्या 1874 (0.295 हेक्टेयर), 1845 (0.076 हेक्टेयर), 1961 (0.246 हेक्टेयर), 1965 (0.203 हेक्टेयर), 1967 (0.739 हेक्टेयर) तथा नाली गाटा संख्या 1890 पर कंपनी के निदेशक प्रमोद कुमार द्वारा बिना वैधानिक स्वीकृति के प्लाटिंग किए जाने का मामला सामने आया था।
इस मामले में उपजिलाधिकारी न्यायालय द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में राजस्व एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर की मदद से अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त करने की कार्रवाई की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों एवं प्लाटिंग के खिलाफ आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि किसी भी भूखंड या प्लॉट की खरीद-फरोख्त से पहले उसकी वैधानिक स्वीकृतियों और अभिलेखों की पूरी जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी परेशानी का सामना न करना पड़े।















