बेलहरा में गैस रिसाव से भीषण अग्निकांड, झुलसे परिवार से मिलने लखनऊ पहुंचे चेयरमैन प्रतिनिधि अयाज़ खान

रिपोर्ट, पी.एन. सिंह बेलहरा बाराबंकी।

बेलहरा, बाराबंकी। नगर पंचायत बेलहरा के वार्ड संख्या-4 स्थित अजीद खान मजार क्षेत्र में गैस पाइपलाइन में रिसाव के कारण हुए भीषण अग्निकांड में एक परिवार गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे में श्री अल्लू सोनी एवं उनके परिवार के सदस्य आग की चपेट में आकर घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की जानकारी मिलते ही नगर पंचायत बेलहरा के चेयरमैन प्रतिनिधि श्री अयाज़ खान तत्काल लखनऊ स्थित सिविल अस्पताल पहुंचे और बर्न वार्ड में भर्ती घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा इलाज कर रहे वरिष्ठ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान श्री खान ने घायलों के बेहतर उपचार के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और मानवता का परिचय देते हुए परिवार को आर्थिक सहायता भी प्रदान की, ताकि इलाज में किसी प्रकार की बाधा न आए।

श्री अयाज़ खान ने कहा, “बेलहरा नगर का प्रत्येक नागरिक मेरे परिवार का सदस्य है। इस कठिन समय में मैं और पूरी नगर पंचायत सोनी परिवार के साथ खड़े हैं। चिकित्सकों से बातचीत कर बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। ईश्वर से प्रार्थना है कि सभी घायल जल्द स्वस्थ होकर अपने घर लौटें।”

उन्होंने नगरवासियों से गैस सिलेंडर एवं पाइपलाइन का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि सतर्कता ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है।

स्थानीय लोगों ने भी चेयरमैन प्रतिनिधि द्वारा दिखाई गई संवेदनशीलता और त्वरित सहायता की सराहना की है।

Leave a Comment